अखिलीक्स एक्सक्लूसिव: सीएम मोहन यादव की ‘सुदर्शन नीति’ पर भारी पड़ा ‘भीतरघात’: दतिया में शहर की गद्दारी और निशाने पर बड़े चेहरे!
(Akhileaks Exclusive)
नमस्कार, बहुत स्वागत है आपका! मैं हूं अखिलेश सोलंकी और आप देख रहे हैं ‘अखिलीक्स’। दतिया उपचुनाव का परिणाम सिर्फ हार-जीत का एक सामान्य आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह एक अचूक रणनीति के खिलाफ अपनों की ही गद्दारी की एक खौफनाक पटकथा है। कांग्रेस ने राजघराने के सहारे जो चुनावी माहौल बनाया था, उसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी ‘सुदर्शन नीति’ और बेहतरीन इलेक्शन मैनेजमेंट से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था, लेकिन फिर भी बाजी हाथ से फिसल गई। आइए, इस डीप डाइव में समझते हैं कि कैसे एक पुख्ता चक्रव्यूह को विपक्ष ने नहीं, बल्कि घर के भेदियों ने तोड़ दिया।
सीएम का मास्टरस्ट्रोक और ‘सुदर्शन नीति’
चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक था—नाराज चल रहे डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष बनाना। इसके जरिए सीएम ने ‘आम कार्यकर्ता बनाम राजघराना’ का एक मजबूत नैरेटिव सेट किया। ओबीसी और एससी वोटों को साधने के लिए भारत सिंह कुशवाह और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को मोर्चे पर लगाया गया। इतना ही नहीं, 32 दिग्गजों को सीधे शक्ति केंद्रों पर उतारकर बूथ मैनेजमेंट को पूरी तरह से अभेद्य कर दिया गया था। सीएम की यह व्यूहरचना इतनी सटीक थी कि कांग्रेस के खेमे में भी बेचैनी साफ नजर आने लगी थी।
सुरक्षित किले की गद्दारी और यादव वोटरों का सरप्राइज
मुख्यमंत्री की इस अभेद्य व्यूहरचना को उस दतिया शहर ने धोखा दिया, जिसे भारतीय जनता पार्टी का सबसे सुरक्षित और मजबूत किला माना जाता था। हार का गणित बिल्कुल साफ है—बीजेपी की हार का अंतर महज 6 हजार वोट रहा। जो दतिया शहर हमेशा बीजेपी को 7 से 8 हजार वोटों की बड़ी लीड देता था, उसने इस बार पार्टी को 7 से 8 हजार वोटों के भारी नुकसान (माइनस) में धकेल दिया। अगर शहर से सिर्फ 3 हजार वोट भी बीजेपी के पक्ष में आ जाते, तो यह सीट पार्टी आसानी से निकाल लेती।
दूसरी तरफ, एक बड़ा उलटफेर उन यादव वोटरों ने किया, जिनसे पार्टी को ज्यादा उम्मीद नहीं थी। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की घेराबंदी के बावजूद, 18 हजार यादव वोटरों वाले इलाके में बीजेपी को बमुश्किल 3 हजार की जगह 8 से 9 हजार वोट मिले। यादव बेल्ट की इसी अप्रत्याशित बढ़त ने पार्टी को एक बेहद शर्मनाक हार से बचा लिया। शहर की इस खुली गद्दारी के बाद अब शक की सुई सीधे तौर पर दतिया के स्थानीय नेतृत्व और विशेष रूप से नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव क्षेत्र की तरफ घूम गई है।
छलक उठा दर्द: आधिकारिक हो गई ‘भीतरघात’ की मुहर
शहरी वोटरों के इसी धोखे के बीच पूर्व मंत्री इमरती देवी के हालिया बयान ने भीतरघात की थ्योरी पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। उन्होंने बिना नाम लिए हार का ठीकरा ‘अपनों’ पर फोड़ते हुए साफ कहा कि सीएम मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। चुनाव हम जीत ही रहे थे, लेकिन दतिया में बैठे अपने ही लोगों ने गद्दारी कर दी।
इस आग में घी डालने का काम किया बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के छलकते दर्द ने।
> “भाजपा को अपनी मां कहने वाले लोगों ने ही इस चुनाव में धोखा दिया है।” — आशुतोष तिवारी, बीजेपी प्रत्याशी
>
प्रत्याशी का यह दर्द चीख-चीख कर गवाही दे रहा है कि पार्टी को माँ मानने का दिखावा करने वालों ने ही ऐन वक्त पर पीठ में छुरा घोंपा है और सीएम की पूरी मेहनत और रणनीति का शिकार कर लिया।
अब चलेगा चाबुक: माइक्रो-लेवल समीक्षा और कड़ा अल्टीमेटम
अपनों के इस भीतरघात और लगातार गूंजती विरोधी आवाजों के बाद अब प्रदेश संगठन ने भी अपना डंडा निकाल लिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि पार्टी चुनाव परिणामों की माइक्रो-लेवल (सूक्ष्म स्तर) समीक्षा करेगी।
संगठन की तरफ से स्पष्ट अल्टीमेटम दिया गया है कि अनुशासनहीनता करने वाला नेता चाहे किसी भी बड़े पद पर क्यों न बैठा हो या उसका रसूख कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर वो दोषी पाया जाता है तो उस पर कठोरतम कार्रवाई होगी। दतिया का चुनाव अब महज एक सीट की हार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह बीजेपी के अंदरुनी पावर गेम का सबसे बड़ा ‘लिटमस टेस्ट’ बन चुका है। खंडेलवाल की यह चेतावनी इस बात का साफ संकेत है कि सीएम मोहन यादव की मेहनत पर पानी फेरने वाले किसी बहुत बड़े और रसूखदार चेहरे पर जल्द ही पार्टी का भारी चाबुक चलने वाला है।



