मोदी @12: 370 से चांद तक… कैसे बदला ‘नया भारत’ का पूरा नैरेटिव?
धारा 370, सर्जिकल स्ट्राइक, UPI क्रांति, राम मंदिर, चंद्रयान और G20 तक… 12 साल में मोदी युग ने सिर्फ सरकार नहीं, भारत की मानसिकता बदलने का दावा पेश किया है। तो भाई लोगों… तारीख नोट कर लीजिए—26 मई 2026! आज पूरे 12 साल हो गए हैं उस राजनीतिक भूकंप को जिसने लुटियंस दिल्ली के सत्ता गलियारों, खान मार्केट गैंग और विदेशी टूलकिट के पूरे “रुदाली तंत्र” को स्थायी सदमे में डाल दिया था… 2014 में जब गुजरात से आया एक “चायवाला” दिल्ली की गद्दी तक पहुँचा था, तब टीवी स्टूडियो से लेकर अंग्रेज़ी अखबारों तक यही भविष्यवाणी की जा रही थी कि “यह सरकार छह महीने से ज्यादा नहीं टिकेगी”… लेकिन आज वही नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल के साथ लगातार 12 साल पूरे कर चुके हैं… और भारतीय राजनीति में एक ऐसा दौर स्थापित कर चुके हैं जिसे समर्थक “न्यू इंडिया एरा” और विरोधी “मोदी युग” कहने को मजबूर हैं…
अखिलीक्स के इस स्पेशल एनालिसिस में बात सिर्फ एक सरकार की उपलब्धियों की नहीं है… बल्कि उस पूरे नैरेटिव बदलाव की है जिसने भारत की राजनीति, विदेश नीति, सुरक्षा रणनीति, धार्मिक पहचान, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आम भारतीय के आत्मविश्वास तक को बदलने का दावा पेश किया है… मोदी सरकार के समर्थकों का कहना है कि 2014 के बाद भारत सिर्फ सत्ता परिवर्तन से नहीं गुजरा… बल्कि “माइंडसेट ट्रांसफॉर्मेशन” के दौर में प्रवेश कर गया…
अगर इस पूरे दौर का सबसे बड़ा और सबसे प्रतीकात्मक फैसला देखा जाए तो वह था धारा 370 का अंत… दशकों तक देश की राजनीति में यह कहा जाता रहा कि कश्मीर से धारा 370 हटाना असंभव है… कई राजनीतिक दलों ने इसे “देश टूटने” तक का खतरा बताया… लेकिन अगस्त 2019 में मोदी सरकार ने एक झटके में जम्मू-कश्मीर से विशेष दर्जा खत्म कर दिया… और आज भाजपा समर्थक इसे “राष्ट्रवादी राजनीति की सबसे बड़ी जीत” के तौर पर पेश करते हैं… यही वजह है कि पार्टी बार-बार यह नैरेटिव स्थापित करने की कोशिश करती है कि जो कश्मीर कभी पत्थरबाजी और आतंकवाद की खबरों के लिए जाना जाता था, वही अब पर्यटन, निवेश और डिजिटल भुगतान के लिए सुर्खियों में है…
इसके बाद अगर किसी चीज़ ने “नए भारत” की सबसे आक्रामक छवि बनाई तो वह थी सर्जिकल स्ट्राइक और उसके बाद की सैन्य कार्रवाइयाँ… मोदी सरकार ने खुद को उस नेतृत्व के रूप में स्थापित करने की कोशिश की जो सिर्फ कड़े बयान नहीं देता बल्कि “घर में घुसकर मारता है”… उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और फिर 2025 में चर्चित “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे अभियानों को भाजपा समर्थक भारत की नई सैन्य नीति का प्रतीक बताते हैं… दावा किया गया कि 7 मई 2025 को भारतीय सेना ने PoK में घुसकर आतंकियों के कई ठिकानों को तबाह किया… और इसके बाद पूरे देश में “नया भारत” बनाम “पुरानी नीति” का नैरेटिव फिर तेज हो गया…
लेकिन मोदी युग का सबसे बड़ा परिवर्तन सिर्फ सीमा पर नहीं बल्कि मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई दिया… क्योंकि जनधन, आधार और मोबाइल की त्रिमूर्ति ने भारत की अर्थव्यवस्था को डिजिटल दिशा में धकेल दिया… UPI ने न सिर्फ भारतीय बाजार को बदला बल्कि दुनिया को भी चौंका दिया… आज स्थिति यह है कि चाय की दुकान से लेकर पाँच सितारा होटल तक QR कोड से भुगतान हो रहा है… और भारत दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट अर्थव्यवस्था बन चुका है… सरकार के समर्थक इसे “फकीर के झोले का डिजिटल मॉडल” बताते हैं जिसने बिचौलियों की राजनीति और कैश इकोनॉमी दोनों को चुनौती दी…
स्पेस सेक्टर में भी मोदी सरकार ने खुद को “नया भारत” साबित करने का मौका नहीं छोड़ा… ISRO ने बेहद कम लागत में चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारकर पूरी दुनिया को चौंका दिया… भारत ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बना… और इसके बाद चंद्रयान-4 मिशन, गगनयान और भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर नया नैरेटिव खड़ा किया गया… विंग कमांडर शुभ्रांशु शुक्ला जैसे नामों को “स्पेस इंडिया” के नए प्रतीक के तौर पर पेश किया गया… भाजपा समर्थकों के लिए यह सिर्फ वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं बल्कि “भारत अब पीछे नहीं रहेगा” वाली मानसिकता का प्रतीक बन गया…
इसी तरह इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी मोदी सरकार ने “कंक्रीट पॉलिटिक्स” को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया… चिनाब रेल ब्रिज, अटल टनल, एक्सप्रेसवे, हाईवे कॉरिडोर और बंदरगाह परियोजनाओं को “न्यू इंडिया विजन” का हिस्सा बताया गया… चिनाब ब्रिज को एफिल टॉवर से ऊँचा बताकर प्रचारित किया गया… जबकि सूरत डायमंड एक्सचेंज को दुनिया की सबसे बड़ी ऑफिस बिल्डिंग बनाकर भारत की आर्थिक ताकत का प्रतीक पेश किया गया… भाजपा समर्थकों का दावा है कि यह सिर्फ निर्माण नहीं बल्कि “राष्ट्र निर्माण” का नया मॉडल है…
कोरोना काल में भी मोदी सरकार ने “वैक्सीन मैत्री” को अपनी सबसे बड़ी वैश्विक रणनीतिक सफलता के रूप में प्रस्तुत किया… भारत ने कई देशों को वैक्सीन भेजकर खुद को “फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड” साबित करने की कोशिश की… वहीं दूसरी तरफ G20 की मेजबानी ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने का दावा पेश किया… तस्वीरें वायरल हुईं जिनमें दुनिया के बड़े नेता “भारत मंडपम” में भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ नजर आए… भाजपा ने इसे “विश्वगुरु भारत” के नैरेटिव से जोड़ा…
और फिर आता है वह मुद्दा जिसने भाजपा के सांस्कृतिक एजेंडे को सबसे बड़ी वैचारिक जीत दी—अयोध्या में राम मंदिर… 500 साल के संघर्ष और दशकों की राजनीति के बाद रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को भाजपा समर्थकों ने “सभ्यता की वापसी” और “सांस्कृतिक पुनर्जागरण” का क्षण बताया… वहीं प्रयागराज महाकुंभ 2025 को डिजिटल मैनेजमेंट, टेक्नोलॉजी और सनातन शक्ति के मेल के रूप में प्रचारित किया गया… भाजपा अब खुलकर यह संदेश देती दिखाई देती है कि विकास और विरासत साथ-साथ चल सकते हैं…
और इन सबके बीच सबसे बड़ा राजनीतिक रिकॉर्ड भी नरेंद्र मोदी के नाम दर्ज हो गया… 1962 के बाद पहली बार कोई नेता लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बना… जवाहरलाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी इस उपलब्धि तक पहुँचने वाले इकलौते नेता बने… यही वजह है कि भाजपा अब मोदी को सिर्फ एक प्रधानमंत्री नहीं बल्कि “राजनीतिक युग” के तौर पर प्रोजेक्ट कर रही है…
अखिलीक्स बॉटमलाइन साफ है… मोदी सरकार के समर्थकों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ सड़कें, पुल, डिजिटल पेमेंट या विदेश नीति नहीं है… बल्कि वह मानसिक बदलाव है जिसमें भारत अब खुद को “कमजोर राष्ट्र” की तरह नहीं बल्कि “निर्णायक शक्ति” की तरह देखने लगा है… विपक्ष जहाँ अभी भी 2029 की राजनीतिक गणित में उलझा दिखाई देता है… वहीं मोदी और भाजपा “2047 विकसित भारत” का नैरेटिव खड़ा करने में जुटे हैं… और यही वजह है कि 12 साल बाद भी मोदी भारतीय राजनीति के सबसे बड़े और सबसे प्रभावशाली केंद्र बने हुए हैं… क्योंकि यह नया भारत है भाईसाहब… और अब यह सिर्फ बड़ा सोच नहीं रहा… बड़ा करके भी दिखाना चाहता है…



