दतिया से दिल्ली तक सियासी भूकंप: राजेंद्र भारती की सजा ने खोला नरोत्तम मिश्रा की वापसी का रास्ता, राज्यसभा गणित भी हिला
नमस्कार, मैं हूँ अखिलेश सोलंकी। राजनीति के गलियारों में एक पुरानी कहावत है—शेर जब दो कदम पीछे खींचता है, तो वो हार नहीं मानता, बल्कि लंबी छलांग की तैयारी कर रहा होता है। 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया का परिणाम जब आया, तो विरोधियों ने यह मान लिया था कि नरोत्तम मिश्रा का राजनीतिक अध्याय अब समाप्त हो चुका है, लेकिन राजनीति में अंत जैसा कुछ नहीं होता, यहाँ हर हार एक नई कहानी की भूमिका लिखती है।
आज दिल्ली की एक स्पेशल कोर्ट से आई खबर ने मध्य प्रदेश की राजनीति का पूरा भूगोल बदल दिया है। दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती, जिन्होंने नरोत्तम मिश्रा को हराया था, अब खुद कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में आए इस फैसले ने न सिर्फ उनकी सदस्यता पर संकट खड़ा कर दिया है, बल्कि बीजेपी के लिए एक बड़ा राजनीतिक अवसर भी खोल दिया है।
यह सिर्फ एक कोर्ट का फैसला नहीं है, यह उस राजनीतिक रिक्तता की शुरुआत है जिसे भरने के लिए नरोत्तम मिश्रा पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं। हार के बाद भी उन्होंने राजनीति से दूरी नहीं बनाई, बल्कि संगठन में सक्रिय रहे, दिल्ली में लगातार संपर्क बनाए रखा और खुद को पार्टी के भरोसेमंद नेताओं में बनाए रखा। अमित शाह के साथ उनकी करीबी और संगठन में उनकी पकड़ आज उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आ रही है।
हार के बाद दतिया में कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने जो शेर पढ़ा था—“मेरा पानी उतरता देख किनारे पर घर मत बना लेना, मैं समंदर हूँ, लौटकर ज़रूर आऊंगा”—आज वही पंक्ति उनकी राजनीति की सच्चाई बनती दिख रही है। यह वापसी सिर्फ व्यक्तिगत नहीं है, यह उस रणनीतिक सोच का परिणाम है जिसमें धैर्य, नेटवर्क और सही समय का इंतजार शामिल होता है।
अब सवाल यह है कि क्या यह वापसी सिर्फ दतिया उपचुनाव तक सीमित रहेगी, या फिर बीजेपी नेतृत्व उन्हें सीधे कैबिनेट में जगह देगा। संकेत साफ हैं कि पार्टी एक अनुभवी और आक्रामक चेहरे को फिर से फ्रंटलाइन में लाना चाहती है। मोहन यादव सरकार को इस समय ऐसे नेता की जरूरत है जो सदन के भीतर विपक्ष को घेर सके और बाहर संगठन को ऊर्जा दे सके। इस लिहाज से नरोत्तम मिश्रा का प्रोफाइल पूरी तरह फिट बैठता है।
दतिया उपचुनाव अब एक औपचारिक प्रक्रिया जैसा नजर आ रहा है, क्योंकि सहानुभूति, संगठन और रणनीति—तीनों मोर्चों पर नरोत्तम मिश्रा मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। अगर वे मैदान में उतरते हैं, तो यह मुकाबला एकतरफा भी हो सकता है।
लेकिन इस कहानी का दूसरा और शायद ज्यादा बड़ा पहलू दिल्ली तक जाता है, जहाँ राज्यसभा की सीटों को लेकर चल रहा गणित अब पूरी तरह बदल गया है। कांग्रेस जिस तीसरी सीट के लिए जोड़-तोड़ कर रही थी, वह समीकरण अब कमजोर होता दिख रहा है।
बीना से निर्मला सप्रे का बीजेपी खेमे में जाना पहले ही कांग्रेस के लिए बड़ा झटका था। सेमरिया के विधायक अभय मिश्रा पर लटकती अयोग्यता की तलवार ने पार्टी की रणनीति को और कमजोर कर दिया। विजयपुर के मुकेश मल्होत्रा के वोट को लेकर अनिश्चितता पहले से बनी हुई थी, और अब दतिया के राजेंद्र भारती की दोषसिद्धि ने कांग्रेस के पूरे गणित को झकझोर कर रख दिया है।
स्थिति यह है कि कांग्रेस का संख्या बल लगातार घट रहा है और पार्टी के सामने हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा भी खड़ा हो गया है। जिस तीसरी सीट को लेकर उम्मीदें थीं, अब वही सीट सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
मध्य प्रदेश की राजनीति में अमित शाह की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है। मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाना हो या संगठनात्मक संतुलन साधना, हर बड़े फैसले में उनकी रणनीति साफ नजर आती है। ऐसे में अगर नरोत्तम मिश्रा की वापसी होती है, तो यह सिर्फ एक नेता की वापसी नहीं होगी, बल्कि यह उस पावर स्ट्रक्चर को और मजबूत करेगी जिसमें केंद्र और राज्य के बीच तालमेल बेहद स्पष्ट है।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में नरोत्तम मिश्रा का प्रभाव हमेशा से मजबूत रहा है और उनकी वापसी से यह संतुलन और दिलचस्प हो सकता है, खासकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव क्षेत्र के संदर्भ में। अगर उन्हें कैबिनेट में बड़ा विभाग मिलता है, तो यह संदेश भी जाएगा कि बीजेपी अपने अनुभवी नेताओं को फिर से सक्रिय भूमिका में लाने से पीछे नहीं हटती।
राजेंद्र भारती के खिलाफ आया यह फैसला कानूनी रूप से एक केस का नतीजा हो सकता है, लेकिन राजनीतिक रूप से यह एक बड़े बदलाव की शुरुआत है। यह फैसला नरोत्तम मिश्रा के लिए एक तरह से राजनीतिक पुनर्जन्म का अवसर बन गया है।
अब नजर इस बात पर होगी कि बीजेपी इस मौके को किस तरह कैश करती है—क्या नरोत्तम मिश्रा सीधे कैबिनेट में एंट्री लेते हैं, या पहले दतिया उपचुनाव के जरिए अपनी वापसी दर्ज कराते हैं। साथ ही, राज्यसभा का गणित किस दिशा में जाता है, यह भी आने वाले दिनों में साफ होगा।
मध्य प्रदेश की राजनीति में लहरें फिर से उठ चुकी हैं। अब देखना यह है कि यह लहर किसे किनारे तक पहुंचाती है और किसे बहा ले जाती है।
इस पूरे घटनाक्रम पर हमारी नजर बनी रहेगी। आप अपनी राय जरूर साझा करें। देखते रहिए Akhileaks और Global Desh—जहाँ खबरें सिर्फ दिखाई नहीं, बल्कि समझाई जाती हैं। नमस्कार।



