हिंदू नव वर्ष का शुभारंभ होगा खास, मेला महोत्सव कराएगा अद्भुत एहसास

– महानगर मेला उत्सव समिति के बैनर तले होगा नव वर्ष मेला महोत्सव का भव्य आयोजन
– अनूठे पहल में दिखेगा धर्म, संस्कृति, शिक्षा, रोजगार और व्यापार का पारिवारिक संगम
भोपाल
इस बार हिंदू नव वर्ष पर्व का शुभारंभ भोपालवासियों के लिए खास होने वाला है। महानगर मेला उत्सव समिति नव वर्ष मेला महोत्सव के रूप में एक अनूठा आयोजन कराने जा रही है। टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 19 मार्च से 18 अप्रैल 2026 तक महोत्सव चलेगा। इसमें शहरवासियों को धर्म, संस्कृति, शिक्षा, रोजगार और व्यापार का पारिवारिक संगम देखने को मिलेगा।
महानगर मेला उत्सव समिति, भोपाल के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि इस महोत्सव की थीम *विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के – एक लोटा जल, हर समस्या का हल* को रखा गया है। सकल हिंदू समाज को वैदिक विधि-विधान, धार्मिक अनुष्ठानों और आध्यात्मिक आयोजनों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे हिंदू नव वर्ष को पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा सके।
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर 501 बटुकों ओर से स्वस्तिवाचन का पाठ और पंडित प्रदीप मिश्रा की ओर से शिवलिंग की स्थापना कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। मेला स्थल पर शिवलिंग स्थापित किया जाएगा, श्रद्धालु यहां जलाभिषेक कर सकेंगे। प्रेस वार्ता में मेला संयोजक कैलाश मिश्रा, सहसंयोजक वैभव सिंह सिसोदिया, उपाध्यक्ष सुशील वासवानी, कोषाध्यक्ष राकेश जोशी, उपाध्यक्ष चेतन सिंह व अमित अग्रवाल, महासचिव अजय अग्रवाल मौजूद रहे।
महोत्सव का हर दिन कराएगी एक अलग अनुभूति
महोत्सव का हर एक दिन अलग अनुभूति कराएगी। प्रतिदिन मां दुर्गा की विधिवत पूजा होगी और संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महिषासुर मर्दिनी का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
- प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को शाम को सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
- राम नवमी के दिन विशिष्ट सामूहिक हवन-पूजन और राम नाम जाप का आयोजन होगा।
- मेला अवधि में आने वाले विभिन्न अवसरों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन धर्माचार्यों और कथावाचकों को आशीर्वाद के लिए करेंगे आमंत्रित
मेला महोत्सव में पहुंचने वाले लोगों को देश के विख्यात धर्माचार्यों और कथावाचकों का सानिध्य मिलेगा। कई विद्वानों को मेला महोत्सव समिति की ओर से आमंत्रित किया जा रहा है।
मेला महोत्सव में खानपान के साथ खरीदारी का आनंद ले सकेंगे
मेला महोत्सव में पहुंचने वाले लोग धार्मिक आयोजनों के साथ खरीदारी और खानपान का भी आनंद ले सकेंगे। मेले में ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट, बैंकिंग, होम अप्लाइंस और कपड़ों, कॉस्मेटिक, फूड से संबंधित स्टॉल होंगे। लोगों को समस्या ना हो इसके लिए एक एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मेले में ये भी होंगे आकर्षण के केंद्र
कार्यक्रम में शामिल होने वाले ई-सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। डिजिटल बुकलेट, क्यूआर आधारित डिजिटल पत्र प्रदान किए जाएंगे। इन्हें मोबाइल के माध्यम से डाउनलोड किया जाएगा। हिंदू नव वर्ष सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। सांस्कृतिक एवं धार्मिक थीम पर आधारित फोटो होंगे। क्यूआर कोड के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी और दैनिक कार्य सूची, सोशल मीडिया लिंक और लाइव अपडेट दिया जाएगा।



