Exclusive

यूपी में ‘शाहगिरी’ पर ब्रेक: संघ का वीटो, योगी की वीटो

आज की यह फाइल दिल्ली की तथाकथित चाणक्य नीति के लिए एक खतरे की घंटी है। फाइल का टाइटल है—“यूपी में ‘शाहगिरी’ पर ब्रेक: संघ का वीटो, योगी की वीटो।” उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछले 7–8 वर्षों से एक अघोषित संविधान चल रहा था—कि मुख्यमंत्री भले ही लखनऊ में बैठता हो, लेकिन उसका रिमोट कंट्रोल दिल्ली के अशोक रोड या दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से संचालित होता है। लेकिन अब नागपुर ने उस रिमोट की बैटरियाँ निकाल दी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 2027 से पहले एक ऐसा फैसला लिया है जिसे सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पावर सेंटर शिफ्ट कहा जाएगा।

इस पूरे पावर शिफ्ट की पटकथा 24 नवंबर 2025 की दोपहर अयोध्या में लिखी गई। बाहर की दुनिया को बताया गया कि यह महज एक शिष्टाचार भेंट है, लेकिन Akhileaks आपको उस 90 मिनट की सीक्रेट मीटिंग का सच बता रहा है, जिसने दिल्ली के पावर कॉरिडोर में बेचैनी फैला दी। संघ कार्यालय ‘साकेत निलयम’ के बंद कमरे में सरसंघचालक मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच जो बातचीत हुई, वह कोई सामान्य संवाद नहीं था। यह यूपी बीजेपी का राजनीतिक शुद्धिकरण अभियान था। उस बैठक में साफ शब्दों में कहा गया—“2024 में जो हुआ, 2027 में दोहराया नहीं जाएगा।”

संघ ने स्वीकार किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे से लेकर रणनीति तक दिल्ली का माइक्रो-मैनेजमेंट हावी रहा। प्राइवेट सर्वे एजेंसियों के नाम पर ज़मीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई, स्थानीय रिपोर्ट्स को नजरअंदाज किया गया और परिणाम सामने थे—रायबरेली, इलाहाबाद और सबसे बड़ा झटका फैजाबाद (अयोध्या)। संघ की राय में दिल्ली के रिमोट कंट्रोल ने यूपी के जमीनी संगठन को जाम कर दिया। यही कारण है कि अब रिमोट तोड़ा जा चुका है और स्टीयरिंग व्हील पूरी तरह योगी आदित्यनाथ के हाथों में सौंप दिया गया है।

अब ज़रा समझते हैं कि आखिर यह ‘शाहगिरी’ थी क्या। शाहगिरी का मतलब था—हर छोटे-बड़े फैसले के लिए दिल्ली की मंजूरी। उम्मीदवार कौन होगा, गठबंधन किससे बनेगा, मंत्री कौन बनेगा—हर चीज़ की पर्ची दिल्ली से आती थी। लेकिन 2 दिसंबर 2025 की लखनऊ बैठक में संघ ने इस मॉडल को आउट ऑफ ऑर्डर घोषित कर दिया। संघ का साफ मानना है कि यूपी जैसी जटिल और संवेदनशील राजनीति को दिल्ली के एसी कमरों में बैठकर लैपटॉप पर नहीं समझा जा सकता। इसके लिए गोरखपुर से लेकर बुंदेलखंड और पूर्वांचल की धूल फांकनी पड़ती है।

योगी को दिए गए इस 100% फ्री हैंड का असर सीधा नौकरशाही पर भी पड़ा है। अब डीएम-एसपी के लिए संदेश बिल्कुल साफ है—दिल्ली से आने वाला फोन अब प्रभावी नहीं रहेगा। सत्ता का एकमात्र केंद्र पंचम तल, लखनऊ है। यानी प्रशासनिक ढांचे में भी अब ड्यूल पावर सिस्टम की जगह सिंगल कमांड लागू हो चुका है।

यह फैसला उन तमाम नेताओं के लिए भी एक डेथ नोट की तरह है, जो संगठन की आड़ लेकर सरकार को आंखें दिखा रहे थे। लोकसभा चुनाव के बाद जिस तरह यह नारा उछाला गया—“संगठन सरकार से बड़ा है”—उसे संघ ने सीधे-सीधे योगी की अथॉरिटी को चुनौती माना। अब उस अध्याय को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। संदेश साफ है—योगी के नेतृत्व पर सवाल उठाना अब बगावत माना जाएगा। चाहे वह डिप्टी सीएम हों या केंद्रीय मंत्री, दिल्ली की परिक्रमा करके लखनऊ में अलग सत्ता केंद्र चलाने का खेल अब खत्म हो चुका है।

इस बदलते समीकरण का सबसे बड़ा संकेत है यूपी बीजेपी अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया। चर्चाओं में पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे है। यह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि संघ की गहरी सोशल इंजीनियरिंग है। कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी उस ओबीसी वोट बैंक का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो 2024 में PDA फॉर्मूले की ओर झुक गया था। इसके साथ-साथ उनका योगी के गढ़ गोरखपुर मंडल से होना यह सुनिश्चित करता है कि पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के बीच टकराव नहीं, तालमेल होगा। यह दिल्ली को सीधा संदेश है—अब यूपी में समानांतर सत्ता नहीं चलेगी।

संघ की यह रणनीति सिर्फ 2027 तक सीमित नहीं है, बल्कि 2029 की नींव भी है। संघ जानता है कि अगर यूपी हाथ से फिसला, तो दिल्ली का किला भी डगमगा जाएगा। इसी वजह से हिंदुत्व के एजेंडे को फिर से धार दी जा रही है। 2026 में प्रस्तावित साधु-संत महा-सम्मेलन का केंद्र भी योगी आदित्यनाथ ही होंगे। संघ का आकलन साफ है—जाति आधारित राजनीति की काट सिर्फ योगी जैसे मजबूत हिंदुत्व चेहरे से ही संभव है।

टिकट बंटवारे में भी अब पन्ना प्रमुख और संघ प्रचारकों की रिपोर्ट को दिल्ली के सर्वे से ज्यादा महत्व दिया जाएगा। पैराशूट उम्मीदवारों की लैंडिंग पर व्यावहारिक रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यानी जिसे योगी और स्थानीय संघ इकाई पास करेगी, वही मैदान में उतरेगा।

निष्कर्ष साफ है। यूपी की राजनीति में अब दिल्ली वाया लखनऊ का रास्ता बंद हो चुका है। अब एक्सप्रेसवे सीधे लखनऊ से शुरू होता है। अमित शाह की रणनीतिक पकड़, जिसे कभी अजेय माना जाता था, संघ ने यूपी में सीमित कर दिया है। अयोध्या की उस 90 मिनट की मुलाकात ने यह तय कर दिया कि यूपी का असली सुल्तान कौन है। संघ ने लक्ष्मण रेखा खींच दी है—इस पार योगी, उस पार बाकी सब।
Akhileaks का विश्लेषण यही कहता है—यह सिर्फ योगी की जीत नहीं, बल्कि उस विचारधारा की वापसी है जो मानती है कि संगठन और विचार व्यक्ति से बड़े होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button