छत्तीसगढ़

कुनकुरी में बनेगी पहली आधुनिक आवासीय कॉलोनी, अटल विहार योजना के तहत 97 आवासों का निर्माण

रायपुर 

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिनाबहार में शासन की महत्वाकांक्षी अटल विहार योजना के अंतर्गत एक आधुनिक आवासीय परियोजना विकसित की जा रही है। यह परियोजना क्षेत्र में सुव्यवस्थित एवं योजनाबद्ध आवासीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है तथा कुनकुरी क्षेत्र की पहली आधुनिक आवासीय कॉलोनी होगी।

मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय द्वारा अवगत कराया गया कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेश के सभी 33 जिलों में आवासीय योजनाओं का विस्तार करने तथा नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य के अनुरूप मंडल द्वारा इस परियोजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास एवं कुनकुरी वासियों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार सुनिश्चित हो सकेगा। साथ ही जशपुर में आने वाले दिनों में शीघ्र ही अटल विहार योजना बालाछापर, पत्थलगॉव एवं अटल आवास योजना महुआ टोली, कंदोरा पर भी आवासीय योजनाए प्रारंभ की जाएगी। ज्ञात हो कि इससे पूर्व कुनकुरी में कोई व्यवस्थित कॉलोनी मण्डल अथवा प्राईवेट बिल्डर्स द्वारा विकसित नही किया गया है।
आवास मंत्री एवं जिला जशपुर के प्रभारी मंत्री  ओ. पी. चौधरी के विशेष निर्देश पर यह आवासीय परियोजना ग्राम गिनाबहार, तहसील कुनकुरी, जिला जशपुर में लगभग 7 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिसके लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशाकीय स्वीकृति दी गई है। परियोजना के अंतर्गत विभिन्न आय वर्गों के लिए कुल 97 आवासों का निर्माण किया जाएगा।जिसमे EWS एवं LIG  श्रेणी के 91 मकान निर्मित किये जाएंगे।

अटल विहार योजना हेतु शासन द्वारा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को  1/- रुपयें प्रति वर्गफीट के हिसाब से भूमि आबंटित की गई है तथा ई.डब्ल्यू.एस. अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को रुपयें 80,000/- एवं एल.आई.जी. के पात्र हितग्राहियों को रुपयें 40,000/- का अनुदान दिया जाता है। 
 अनुराग सिंह देव अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा बताया गया कि विकसित की जा रही यह कॉलोनी आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉलोनी होगी। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, चौड़ी एवं सुव्यवस्थित सड़कें, स्वच्छ एवं हरित वातावरण, समुचित जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक नियोजित आवासीय परिसर के रूप में विकसित होने के कारण यह परियोजना नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की संभावना रखती है।

परियोजना स्थल कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-43) से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह स्थान शहर से सटा हुआ होने के साथ-साथ महत्वपूर्ण संस्थानों के निकट भी है। एशिया के द्वितीय सबसे बड़े चर्च, हॉलीक्रॉस मिशन अस्पताल, लोयला स्कूल एवं लोयला महाविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थान परियोजना स्थल से लगभग 3 से 3.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।

भविष्य में इस क्षेत्र के आसपास शासकीय अस्पतालों, शासकीय कार्यालयों तथा अन्य महत्वपूर्ण शासकीय भवनों के निर्माण की भी योजना है। वर्तमान में परियोजना स्थल के समीप शासकीय अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। इससे क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति मिलने के साथ-साथ भविष्य में भूमि का विकास एवं मूल्य में वृद्धि की संभावनाएं भी प्रबल हैं, जिससे यह परियोजना आवासीय एवं निवेश, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकती है

यह परियोजना क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उल्लेखनीय है कि यह परियोजना माननीय मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में विकसित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button